झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का पक्ष रखनेवाले सदस्यों को मीडिया प्लेमटफॉर्म पर केंद्रीय प्रवक्ता या प्रवक्ता‍ के रूप में नहीं, बल्कि सिर्फ पार्टी के पक्षकार के रूप में बातें रखने का निर्देश दिया गया है। यह बातें झामुमो के केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने गुरूवार को पत्र जारी कर कहा।

उन्‍होंने कहा कि झामुमो के निर्णय, कार्यक्रम और सम-सामायिक विषयों पर मीडिया में पार्टी का पक्ष रखने के लिए बीते दिनों कुछ लोगों का नाम जारी किया है। लेकिन आए दिन ऐसा देखा जा रहा है कि पक्षकार के रूप में जारी किए गए उस पैनल में शामिल पक्षकार, पार्टी के पक्षकार के रूप में नहीं बल्कि खूद को प्रवक्ता या केन्द्रीय प्रवक्ता के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। इसलिए बीते 28 मई को घोषित पैनल के सदस्यों को सूचित किया जाता है कि समाचार चैनल, समाचार पत्रों, वेब मीडिया और अन्य समाचार माध्यमों में पार्टी का पक्ष रखते समय स्वयं को पार्टी का पक्षकार (मीडिया पैनलिस्ट) के रूप में प्रस्तू्त करेंगे न कि केन्द्रीय प्रवक्ता या प्रवक्ता‍ के रूप में।

पांडेय ने कहा कि पक्ष रखने के दौरान पार्टी की मर्यादा को बनाकर रखेंगे। मोर्चा की ओर से जारी पक्षकार सदस्यों के नामों में मुख्य रूप से गिरिडीह जिला के लिए डॉ सरफराज अहमद, मिथलेश ठाकुर, पंकज मिश्रा, साहेबगंज के लिए विजय हांसदा, रांची के लिए डॉ महुआ माजी, रांची के लिए विकास कुमार मुंडा, धनबाद के लिए डॉ निलम मिश्रा, रांची के लिए प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह, पूर्वी सिंहभूम से मनोज यादव, रांची से तनुज खत्री, गढ़वा से धीरज दूबे का नाम जारी किया गया था।