रांची (RANCHI): राज्य धीरे-धीरे सामान्य बारिश की ओर बढ़ रहा है। जून महीने में जहां झारखंड में सामान्य से 45 प्रतिशत बारिश का विचलन (कमी) था। वहीं अब यह घटकर 25 प्रतिशत तक पहुंच गया है। यह जानकारी मौसम विभाग ने गुरुवार को दी। राज्य में 01 जून से 30 जुलाई तक 499.3 मिलीमीटर की तुलना में 372.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है।


रांची के कांके में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड 

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर में 37.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 33.5 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे जबकि दोपहर बाद मौसम साफ हुआ और बीच-बीच में धूप खिली रही। इससे गर्मी और उमस महसूस किया गया।वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 25.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.2 और न्यूनतम 24.9 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.2 डिग्री और न्यूनतम 25.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

बड़ी खबर