रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची से गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सोनारी एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया. उनके आगमन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया. राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पहले से व्यापक तैयारियां की थीं.


राष्ट्रपति ने  भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया

जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति का पहला कार्यक्रम कदमा स्थित अनिल सुर पथ में प्रस्तावित भगवान जगन्नाथ मंदिर एवं स्पिरिचुअल सेंटर के निर्माण स्थल पर आयोजित हुआ. यहां उन्होंने विधिवत भूमि पूजन कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. पुरी धाम से आए विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपूर्ण अनुष्ठान संपन्न कराया. राष्ट्रपति मुर्मू पूरे समय श्रद्धा और तन्मयता के साथ पूजा-अर्चना में शामिल रहीं.

समाज में सांस्कृतिक एकता और नैतिक मूल्यों का उल्लेख

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों को समाज में सांस्कृतिक एकता और नैतिक मूल्यों के संवर्धन का केंद्र बताया. उन्होंने मंदिर निर्माण की पहल के लिए आरएसबी समूह के वाइस चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस.के.बेहरा और उनकी टीम की सराहना की. एस.के.बेहरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह स्पिरिचुअल सेंटर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा,बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख स्थल होगा.

मौके पर 
राज्यपाल गंगवार रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, उपयुक्त कर्ण सत्यार्थी तथा टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी.वी. नरेंद्र समेत कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद थे. कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

टाटा मणिपाल कॉलेज के कार्यक्रम में भी शामिल हुई राष्ट्रपति

भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति का अगला कार्यक्रम टाटा मणिपाल कॉलेज में निर्धारित था,जहां उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम में भाग लिया. उनके दौरे को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

शहर में उत्साह का माहौल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अपराह्न लगभग 3:50 बजे सोनारी एयरपोर्ट से वह वापस रांची के लिए रवाना होंगी. उनके दौरे को लेकर शहर में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इसे जमशेदपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया.