सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान, हथियार और विस्फोटकों का जखीरा बरामद
रांची (RANCHI): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है.
टोंटो-गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रूटुगुटू जंगल में हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेनू ने शनिवार को बताया कि यह अभियान कोबरा 209 बटालियन के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें अन्य सुरक्षा बलों ने भी हिस्सा लिया. कार्रवाई सारंडा क्षेत्र के साथ-साथ टोंटो-गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रूटुगुटू जंगल में की गई, जिसे नक्सलियों का गढ़ माना जाता है. उन्होंने बताया कि हाल ही में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया. इसी दौरान जंगल के अंदर छिपाकर रखे गए हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ.
एसपी के अनुसार, बरामद सामग्री में एक एसएलआर राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, करीब 182 राउंड एसएलआर गोलियां, कई खाली कारतूस और एक कार्बाइन शामिल हैं. इसके अलावा एके-47 राइफल का खाली केस भी मिला है, जिससे यह संकेत मिलता है कि नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस थे और किसी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में थे. इतना ही नहीं तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली. जवानों ने करीब 5 किलो जिलेटिन के चार पैकेट, डेटोनेटर, कॉर्टेक्स वायर और अन्य विस्फोटक उपकरण बरामद किए. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इनका इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था.
नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल करने का संकेत
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और सुरक्षा बल हर संदिग्ध ठिकाने की गहन जांच कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को विफल करने का संकेत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा.














