संसद में महिला आरक्षण संबंधी बिल गिराकर सपा, कांग्रेस व टीएमसी ने आधी आबादी का दिल तोड़ा: अन्नपूर्णा देवी
लखनऊ, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने
कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और टीएमसी जैसे दलों ने संसद में नारी
हित के प्रस्ताव को गिराकर आधी आबादी के दिल को तोड़ा है। सदन में नारी
शक्ति वंदन अधिनियम के पारित न होने पर सपा समेत विपक्षी पार्टियाें के
सदस्य खुशी से तालियां बजा रही थी। नारी विरोधी इस आचरण का खामियाजा सपा व
कांग्रेस को चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
केन्द्रीय महिला एवं बाल
विकास मंत्री रविवार को यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार
वार्ता को संबोधित कर रही थीं। पत्रकार वार्ता के दाैरान उत्तर प्रदेश के
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, महिला आयोग
की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव व निषाद पार्टी के अध्यक्ष डाॅ संजय निषाद
उपस्थित रहे।
केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा
देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आर्थिक व सामाजिक रूप से
महिलाओं को सशक्त करने का काम किया। अब राजनैतिक रूप से सशक्त करने की बारी
आयी और महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में
संशोधन के लिए बिल लाया गया तो इंडी गठबंधन के दलों ने इसके विरोध में
वोटिंग की। इंडी गठबंधन की महिला विरोधी मानसिकता उनकी आदत में शुमार है।
इसके लिए आधी आबादी उन्हें माफ नहीं करेगी। नारी शक्ति अब जाग चुकी है।
अन्नपूर्णा
देवी ने कहा कि देश में 50 वर्षों से ज्यादा समय कांग्रेस की सरकार रही उस
समय ओबीसी को अधिकार देने से किसने रोका था। कांग्रेस आज ओबीसी के आरक्षण
की बात करती है, जबकि मण्डल कमीशन की रिपोर्ट को वर्षों तक इन्हीं लोगों ने
दबाकर रखा था। जबकि ओबीसी को संवैधानिक दर्जा देने का काम मोदी सरकार ने
किया। सपा को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण
की राजनीति करती है। हम बाबा साहब के संविधान को मानने वाले लोग हैं। बाबा
साहब ने धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध किया था।














