अरुणाचल दौरे पर इटानगर पहुंचे अमित शाह, दो आधिकारिक कार्यक्रम में होंगे शामिल
इटानगर,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बीती रात इटानगर पहुंचे। उनके कार्यक्रमों को देखते हुए राज्य की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आज वे कई बैठकों में हिस्सा लेंगे।मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि अरुणाचल प्रदेश की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, होलोंगी के डोनी पोलो हवाई अड्डे पर पहुंचने पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, अमित शाह का हार्दिक स्वागत है।
उनका हमारे बीच होना हमारे लिए सम्मान की बात है। उनकी यह यात्रा अरुणाचल प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। हम राज्य के विकास, सुरक्षा और प्रगति से जुड़े विषयों पर उनके कार्यक्रमों और उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
'उगते सूरज की भूमि' में अमित शाह का हार्दिक स्वागत है।
अपने दौरे के दौरान शाह दो सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे - एक बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में और दूसरा इटानगर के आईजी पार्क में। वे पुलिसकर्मियों को उनकी सेवा के लिए पदक भी प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पहले ही इस दौरे की घोषणा करते हुए कहा था कि इससे केंद्रीय गृह मंत्री के साथ अरुणाचल प्रदेश की विकास प्राथमिकताओं, चुनौतियों और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।
उम्मीद है कि शाह राज्य सरकार के साथ बैठक कर राज्य से जुड़े मामलों पर चर्चा करेंगे। इटानगर में कई जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी क्षेत्र के साथ-साथ प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों और हवाई अड्डे के रास्तों पर सीआरपीएफ और आईटीबीपी के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
इस महत्वपूर्ण दौरे से पहले कई जगहों पर सड़कों की मरम्मत का काम भी किया गया है।















