काठमांडू,  जनकपुरधाम में आगामी 9 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताहिक श्रीराम-जानकी विवाह पंचमी महामहोत्सव की तैयारियां तेज हैं। महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जानकी मंदिर ने शांति-सुरक्षा, प्रचार-प्रसार, बाजार प्रबंधन, रंगभूमि मैदान एवं प्रवेश द्वार की व्यवस्था, पंडाल निर्माण, यातायात, पेयजल और बिजली प्रबंधन सहित विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग समितियां बनाई हैं।

मंदिर परिसर में आयोजित सर्वपक्षीय बैठक में समितियों के गठन और उनके बीच जिम्मेदारियों के बंटवारे का निर्णय लिया गया। इस वर्ष के महोत्सव को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई । बैठक जानकी मंदिर के महंत रामतपेश्वर दास वैष्णव के नेतृत्व तथा उत्तराधिकारी महंत रामरोशन दास वैष्णव के संयोजन में हुई।

महंत दास ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा निकायों, स्थानीय तहों (निकायों) और संबंधित सभी पक्षों के बीच प्रभावी समन्वय एवं सहयोग जरूरी है।

विवाहपंचमी महोत्सव में शामिल होने के लिए नेपाल के विभिन्न जिलों के साथ-साथ भारत के अयोध्या सहित अन्य स्थानों से हजारों साधु-संत और श्रद्धालु जनकपुरधाम पहुंचेंगे। उनके स्वागत, आवास, सुरक्षा और आवागमन को सहज बनाने के विषय को बैठक में प्राथमिकता दी गई। बैठक में धार्मिक संघ-संस्थाओं, नागरिक समाज, जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा निकायों, मीडिया क्षेत्र तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों के प्रतिनिधियों की

भागीदारी रही।

झारखंड की ताज़ा खबरें