नई दिल्ली,  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विवेक विहार अग्निकांड में 9 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इमरात में आग लगने से हुए हादसे में 9 लोगों की मौत से मन व्यथित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं। दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली फायर सर्विस को रविवार तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर इमारत के कई फ्लैट आग की चपेट में थे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान विभिन्न मंजिलों से नौ शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक दूसरी मंजिल के पीछे वाले फ्लैट से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले।