हिमाचल में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, अगले दो दिन फिर ओरेंज अलर्ट
शिमला, हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम फिर से करवट लेने
वाला है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए कई जिलों में तेज़ आंधी,
ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर ओरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 9
अप्रैल को येलो अलर्ट रहेगा। विभाग के अनुसार 12 अप्रैल तक प्रदेश के
अधिकांश हिस्सों में मौसम के अस्थिर बने रहने की संभावना है।
इससे
पहले बीती रात अप्पर शिमला, कुल्लू और मंडी के कई इलाकों में तेज़
ओलावृष्टि हुई, जिससे फलदार पौधों, गेहूं-सब्जियों और अन्य फसलों को नुकसान
पहुंचा है। सेब के बगीचों में पौधों की सुरक्षा के लिए लगाई गई जालियां भी
कई स्थानों पर टूट गईं। किसानों और बागवानों ने इससे चिंता जताई है।
राज्य
के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के
पांगी-भरमौर में बीते दिन हुई बर्फबारी के बाद सोमवार सुबह धूप खिलने से
लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने आज भी ऊंचाई वाले इलाकों
में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7
अप्रैल से एक ताज़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित
करेगा, जिसके प्रभाव से प्रदेश में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की गतिविधियां
बढ़ सकती हैं। विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित ऊंचाई वाले
क्षेत्रों में हिमखंड गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की
सलाह दी है। लाहौल-स्पीति में रविवार शाम हिमखंड गिरने की एक घटना भी सामने
आई, हालांकि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
प्रदेश में बीते 24
घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज
की गई है, जबकि यह सामान्य से लगभग 2 डिग्री नीचे रहा, जिससे ठंड का असर
फिर बढ़ गया है।
सोमवार को दर्ज न्यूनतम तापमानों में ताबो 0.9
डिग्री, कल्पा 1.6 डिग्री, कुकुमसेरी 2.0 डिग्री, मनाली 5.1 डिग्री, शिमला
6.2 डिग्री, सोलन 7.4 डिग्री, सराहन 8.2 डिग्री, सेओबाग 8.3 डिग्री,
जुब्बड़हट्टी 8.7 डिग्री, पालमपुर 9.0 डिग्री, भुंतर 9.5 डिग्री, बरठीं
10.5 डिग्री, सुंदरनगर 11.5 डिग्री, कांगड़ा 11.8 डिग्री, धर्मशाला 12.0
डिग्री, मंडी 12.1 डिग्री, नाहन 12.8 डिग्री, बिलासपुर 13.0 डिग्री, ऊना
13.4 डिग्री, देहरा गोपीपुर 16.0 डिग्री और पांवटा साहिब 18.0 डिग्री
सेल्सियस दर्ज किया गया।















