भाजपा स्थापना दिवस आज, नितिन नवीन ने दी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को शुभकामनाएं
नई
दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपना स्थापना
दिवस मना रही है। 6 अप्रैल 1980 को पार्टी की स्थापना की गई थी। भाजपा
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों को
शुभकामनाएं दी । इस मौके पर देश भर में पार्टी की ओर से कई कार्यक्रम
आयोजित किए जा रहे है। भाजपा मुख्यालय में सोमवार सुबह साढ़े दस बजे डॉ.
श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि सुमन
अर्पित किए जाएंगे और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को संबोधित
करेंगे।
इस मौके पर नितिन नवीन ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो
जारी कर लिखा, '' भाजपा के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर विश्व के सबसे
बड़े राजनीतिक दल के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं।
जनसंघ काल से लेकर आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक की यह यात्रा
असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और बलिदान की कहानी है। डॉ. श्यामा
प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 'अंत्योदय' के जिस स्वप्न
को लेकर हम चले थे, आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वह धरातल
पर साकार हो रहा है।''
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि
स्थापना दिवस के इस अवसर पर हम 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प को पुनः दोहराएं
और मिलकर एक 'विकसित भारत' के निर्माण हेतु अपनी पूरी ऊर्जा के साथ जुट
जाएं। भाजपा के स्थापना दिवस केंद्रीयमंत्री शिवराज सिंह चौहान, जे पी
नड्डा, किरेन रिजिजू, राजनाथ सिंह सहित कई मंत्रियों ने शुभकामनाएं दी।
योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
नेताओं ने पार्टी की विचारधारा, 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प और अंत्योदय के
लक्ष्य को दोहराते हुए जनसेवा व विकसित भारत के निर्माण के प्रति
प्रतिबद्धता जताई।














