फिल्म अभिनेता टाइगर श्राफ पर जुहू में फायरिंग, बाल-बाल बचे, ड्राइवर घायल
मुंबई, जुहू इलाके में स्थित पुष्पा पार्क में रविवार शाम को अज्ञात तीन बदमाशों ने फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की। इस घटना में टाइगर श्राफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगी है और उसका इलाज नानावटी अस्पताल में हो रहा है। मामले की छानबीन जुहू पुलिस स्टेशन की टीम के साथ मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में फायरिंग से पहले क्या-क्या हुआ, इसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अधिकारी ने फिर दोहराया, "श्रॉफ सुरक्षित हैं और गोलीबारी की इस घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई है।" प्राथमिक जानकारी के अनुसार पुष्पा पार्क में बच्चों का कार्यक्रम आयोजित किया था, उसमें शरीक होने श्रॉफ आए थे। कार्यक्रम से निकल कर श्राफ अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, उस समय उनके आस पास उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और उसी भीड़ के बीच से उनकी कार पर फायरिंग की गईं।
मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें अनिल पंडित नाम के एक आदमी ने, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का होने का दावा कर रहा है, कहा कि टाइगर श्रॉफ उनकी हिट लिस्ट में था क्योंकि "वह हमारे निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था" और "सलमान खान के साथ काम कर रहा था"। बिश्नोई, जो गुजरात की जेल में है, ने कई बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले की छानबीन जारी है और पुलिस की बारह टीमें गठित की गई है और तीनों आरोपितों को पकड़ने का प्रयास जारी है।















