रेल राज्य मंत्री पद से रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा
नई दिल्ली: केंद्रीय रेल राज्य मंत्री एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। राष्ट्रपति भवन की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी जारी की गई। बताया जा रहा है कि रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो चुका था। हालिया राज्यसभा चुनाव में उन्हें दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया गया था। इसके बाद उनके मंत्री पद से इस्तीफे की अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब सच साबित हुई हैं। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में देश की सेवा करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात रही। साथ ही उन्होंने विकसित भारत के संकल्प और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि बिट्टू अब पंजाब की सक्रिय राजनीति पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे सरकार की ओर से कोई आधिकारिक राजनीतिक कारण नहीं बताया गया है।















