जगद्दल में भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार के चुनाव प्रचार बाधित करने का आरोप
जगद्दल, उत्तर 24 परगना जिलान्तर्गत जगद्दल से भाजपा
उम्मीदवार राजेश कुमार को चुनाव प्रचार में बाधा देने का आरोप लगा है।
रविवार को उनके चुनाव प्रचार को लेकर तनाव का माहौल बन गया।
भाजपा
उम्मीदवार और राज्य के पूर्व डीजी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके सभी
तय चुनाव प्रचार कार्यक्रम में प्रशासनिक बाधा दी गई और उन्हें मिली अनुमति
रद्द कर दी गई। इस आरोप को लेकर वह जगद्दल थाने के सामने धरने पर बैठ गए।
उनके समर्थक भी सड़क पर उतर आए। बाद में, उन्होंने घोषपाड़ा रोड को ब्लॉक
करके विरोध किया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जगद्दल थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल
मौके पर पहुंची।
भाजपा उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी
को राजनीतिक रूप से रोकने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, उनके इस आरोप पर
खबर लिखे जाने तक प्रशासनिक तौर पर कोई प्रतिक्रया नहीं मिली थी।














