पंजाब में भाजपा व अकाली दल फिर आए एकसाथ, मिलकर सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
रांची (RANCHI): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल छह साल बाद पंजाब में फिर एकसाथ आ गए हैं। दोनों दल राज्य विधानसभा का आगामी चुनाव सभी 117 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में मंगलवार को इसका ऐलान किया। इसके साथ ही गृहमंत्री शाह ने कहा कि पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाना गठबंधन का प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि राज्य से भ्रष्टाचार समाप्त करना और देश विरोधी ताकतों को उखाड़ फेंकना भी गठबंधन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अमित शाह ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विस्तार को लेकर उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को फोन किया। उन्होंने कहा कि अब अकाली दल के राजग में शामिल होने से गठबंधन पूरा हो गया है। भाजपा और अकाली दल पंजाब में मिलकर सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। दोनों दल संयुक्त रूप से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा।
शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता बहुत पुराना है। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के समय से ही दोनों दलों के बीच संबंध रहे हैं। दोनों पार्टियों ने साथ मिलकर कई चुनाव लड़े हैं और जीत-हार का सामना किया है, लेकिन गठबंधन का रिश्ता बना रहा। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब और पूरे देश में हिंदू-सिख भाईचारे की मिसाल बनेगा।
गृहमंत्री शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना गठबंधन का सबसे बड़ा लक्ष्य होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने नशे की समस्या समाप्त करने के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। वर्तमान सरकार और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीन महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनके अनुसार राज्य में नशा समाप्त होने के बजाय बढ़ा है।
शाह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में राहुल गांधी ने पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था। इसके बाद कांग्रेस की सरकार बनी, लेकिन राज्य में नशे की समस्या समाप्त नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भी इस दिशा में कोई प्रभावी काम नहीं किया। भाजपा और अकाली दल की सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गठबंधन ने किसानों की चिंताओं, रोजगार और राज्य की अन्य समस्याओं को लेकर भी रोडमैप तैयार किया है। अगले तीन महीनों में इन मुद्दों पर आगे बढ़ने की दिशा में काम किया जाएगा। शाह ने मौजूदा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब पंजाब की जनता तय करेगी कि उसे सरकार में बनाए रखना है या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर फिर से पंजाब को खुशहाल बनाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरुपूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर दोनों दलों का फिर साथ आना हर्ष की बात है। इस गठबंधन से पंजाब में प्रकाश और उन्नति का विस्तार होगा। अकाली दल के राजग में शामिल होने से गठबंधन की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने भाजपा और अकाली दल के रिश्ते को स्वाभाविक गठबंधन बताते हुए कहा कि यह जनता और नेताओं के बीच बना प्राकृतिक संबंध है, जो पंजाब को आगे ले जाएगा।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का फिर से गठबंधन हुआ है। यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि पंजाब और देश के हित में भावनात्मक गठबंधन है। उन्होंने अपने पिता का उल्लेख करते हुए कहा कि वे भाजपा और अकाली दल के रिश्ते को नौ महीने का रिश्ता बताते थे। यह गठबंधन देश, पंजाब और सिखों के हितों के लिए है।
बादल ने कहा कि जब भी भाजपा और अकाली दल साथ रहे हैं और दोनों दलों की सरकार बनी है, तब पंजाब ने उन्नति की है। उन्होंने अकाली दल को देश के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी बताते हुए कहा कि यह 106 साल पुरानी पार्टी है। अकाली दल ने देश की आजादी में भी बड़ी भूमिका निभाई है और देश के सामने आई हर परेशानी के समय संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का साथ आना पंजाब के हित में है। गठबंधन का उद्देश्य राज्य को आगे बढ़ाना और पंजाब की समस्याओं का समाधान करना है।
उल्लेखनीय है कि दोनों पार्टियां लंबे समय से साथी रही हैं, लेकिन 2020 में अकाली दल ने उस समय लाए गए तीन केंद्रीय कृषि कानूनों पर अपनी आपत्ति जताते हुए गठबंधन छोड़ दिया था। हालांकि बाद में केंद्र सरकार ने उन कानूनों को वापस ले लिया था।
अकाली दल-भाजपा गठबंधन ने 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव हारने से पहले दस साल तक पंजाब की सत्ता संभाली थी। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में लौटी। वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी ने राज्य में जीत हासिल कर सरकार बनायी।















