मां गंगा के जयकारों के बीच खुले गंगोत्री मंदिर के कपाट
देहरादून, अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रविवार को मां गंगा के
जयकारों के बीच गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए
गए। कपाटोद्घाटन के साक्षी बने सैकड़ों लोगों ने मंदिर में अखंड ज्योति के
दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस मौके पर धाम पहुंचे और पूजा
में भाग लिया। पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से
संपन्न कराई गई। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो
गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और सुगम
बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही प्लास्टिक मुक्त
यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया है।
इस
मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवान, डीएम
प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष
धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, ब्लाक प्रमुख ममता पंवार, किशोर
भट्ट, अरूण कुमार, राजेश सेमवाल, समेत करीब दो हजार श्रद्धालु मौजूद रहे।














