विपिन चंद्र पाल की जयंती पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, लेखक, समाज सुधारक और ओजस्वी वक्ता विपिन चंद्र पाल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सुबह एक्स पर एक संदेश साझा कर उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संदेश में लिखा कि प्रख्यात बंगाली वक्ता, लेखक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी विपिन चंद्र पाल की जन्मजयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
विपिन चंद्र पाल का जन्म सात नवंबर 1858 को तत्कालीन ब्रिटिश भारत के सिलहट जिले में हुआ था, जो वर्तमान में बांग्लादेश का हिस्सा है। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे लाला लाजपत राय और बाल गंगाधर तिलक के साथ प्रसिद्ध लाल-बाल-पाल त्रिमूर्ति के प्रमुख सदस्य थे। इस तिकड़ी ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध राष्ट्रीय आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
विपिन चंद्र पाल स्वराज और पूर्ण राजनीतिक स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार, स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रीय शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वर्ष 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में चले आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वे केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक कुशल पत्रकार, लेखक और प्रभावशाली वक्ता भी थे। उन्होंने अपनी लेखनी और भाषणों के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जगाने का काम किया। सामाजिक कुरीतियों और जातिगत भेदभाव के विरोध में भी उन्होंने आवाज उठाई।
20 मई 1932 को उनका निधन हो गया। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है।













