कोलकाता। हुगली जिले के श्रीरामपुर से कुम्भ मेले में लापता हुए एक 85 वर्षीय वृद्ध को ढूंढ़कर घर पहुंचाने का अद्भुत कार्य किया है हैम रेडियो क्लब ने। दो महीने पहले बिहार के भागलपुर जिले से तीर्थयात्रा पर निकले वकील मंडल नामक वृद्ध को श्रीरामपुर की सड़कों पर लाचार अवस्था में पाया गया था।

गत 25 मार्च की रात उन्हें जीटी रोड के किनारे बेसुध हालत में पड़ा देखा गया। उनकी चलने की ताकत नहीं थी और वे बोल भी नहीं पा रहे थे। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए श्रीरामपुर पुलिस की मदद से उन्हें श्रीरामपुर वॉलश अस्पताल में भर्ती कराया।

अस्पताल के सहायक अधीक्षक बसुदेव जोयारदार ने इसकी जानकारी पश्चिम बंगाल एमेच्योर रेडियो क्लब को दी। क्लब के सचिव अंबरीश नाग विश्वास के नेतृत्व में हैम रेडियो ऑपरेटरों की टीम ने पूरे देश में खोजबीन शुरू की। कुछ ही समय में पता चला कि वृद्ध का नाम वकील मंडल है, जो बिहार के भागलपुर जिले के कहलगांव थाना अंतर्गत सेकपुरा कुलकुलिया गांव के निवासी हैं।

वकील मंडल गांव के चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। पत्नी की मृत्यु तीन साल पहले हो चुकी है। उनके पांच बेटे हैं—इंद्रश्री, कोमलेश्री, प्रमोद, सुबोध और मोहीन्दर। वे अब गांव में ही रहकर अपने पोते-पोतियों के साथ समय बिता रहे थे।

इस वर्ष कुम्भ मेले में गांव के अन्य लोगों के साथ उन्होंने भी तीर्थयात्रा पर जाने का निर्णय लिया था। लेकिन मेले के दौरान एक रात अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। वकील मंडल चलने में असमर्थ होने के कारण पीछे छूट गए और भीड़ में बिछुड़ गए। गांव लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें मृत मान लिया था।

भाग्य ने करवट ली। करीब दो महीने बाद श्रीरामपुर की सड़कों से शुरू हुई यात्रा ने हैम रेडियो की मदद से वकील मंडल को उनके परिवार से मिलाने का रास्ता बना दिया। पश्चिम बंगाल एमेच्योर रेडियो क्लब के अंबरीश नाग विश्वास ने बताया कि उनके कुम्भ में पुण्य प्राप्ति का सपना भले अधूरा रह गया हो, लेकिन उन्हें परिवार तक सुरक्षित पहुंचाकर हम सबने अपना छोटा-सा पुण्य जरूर कमा लिया।