पूर्वी सिंहभूम, । आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर बुधवार को दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक भालूबासा स्थित होटल मिस्टी इन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने की तथा संचालन महासचिव आशुतोष सिंह ने किया। सबसे पहले अंकेक्षक प्रदीप दास ने पिछले वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

बैठक में विगत वर्ष के अनुभवों और इस वर्ष की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने स्वीकार किया कि अधिक वर्षा के कारण चुनौतियाँ बढ़ गई हैं। कई पूजा स्थल पूजा योग्य नहीं हैं, सड़कों की स्थिति खराब है और विसर्जन घाटों की मरम्मत की आवश्यकता है। स्वर्णरेखा घाट, वेली बोधन घाट और बड़ौदा घाट की समस्याओं को तुरंत जिला प्रशासन के संज्ञान में लाने का निर्णय लिया गया। साथ ही बढ़ती समितियों की संख्या को देखते हुए नए घाटों के निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार हुआ।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 13 नई पूजा समितियां केंद्रीय समिति से जुड़ी हैं। मानगो फ्लाईओवर निर्माण से प्रभावित समितियों की समस्याओं को लेकर भी प्रशासन से वार्ता की जरूरत बताई गई। चूंकि पूजा के दौरान वर्षा की संभावना है, इसलिए तैयारियों को उसी अनुरूप करने पर जोर दिया गया। यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 23 अगस्त को होने वाली बैठक में शहर की सभी पूजा समितियां भाग लेंगी और समिति का प्रतिनिधिमंडल प्रशासन से शीघ्र मुलाकात करेगा।

बैठक के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक सिन्हा, परमात्मा मिश्रा, गौतम प्रसाद, चमनदीप गील, धर्मेंद्र प्रसाद, संयोजक प्रमोद तिवारी, सामनतो कुमार, असित चक्रवर्ती, अर्जुन शर्मा, पी.एस. माथुर, सुरजीत चौधरी, सचिव अभिषेक कुमार, ओमोयो ओझा, शंभू मुखी, रुद्र प्रताप, जितेंद्र कुमार, शिव शंकर सिंह, संतोष कुमार, राघवेंद्र मिश्रा, संतोष कुमार सिंह, रवि भुइंया, सुमित शर्मा, राम प्रसाद जायसवाल, अपूर्वो पाल, सपन दास, तिलक कुमार दास, शैलेश गुप्ता, मिथुन कुमार, सुनील देबू का, सतीश मुखी, प्रमोद सिंह, इंद्रजीत सिंह, विजय वर्धा और सपन सरकार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।