अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने किया याद, दी श्रद्धांजलि
पूर्वी सिंहभूम, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री और भाजपा के प्रेरणापुंज अटल बिहारी वाजपेयी की सातवीं पुण्यतिथि शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर ने श्रद्धाभाव से मनाई। इस अवसर पर साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित थे।
डॉ. पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित था। उन्होंने 1977 में विदेश मंत्री रहते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर हिंदी को वैश्विक पहचान दिलाई। वे सिद्धांतनिष्ठ, सरल और दृढ़ इच्छाशक्ति वाले नेता थे, जिन्होंने कभी मूल विचारों से समझौता नहीं किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसा व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेता है। उन्होंने भारतीय जनसंघ से भाजपा तक पार्टी को मजबूत नींव प्रदान कर एक छोटे पौधे को विशाल वटवृक्ष बना दिया। देश की अखंडता और एकता के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य गठन भी अटल जी की देन है, जिन्होंने वर्षों के आंदोलन को सकारात्मक अंजाम देकर राज्य को अलग पहचान दिलाई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, अभय सिंह, डॉ. राजीव, नीरज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, बबुआ सिंह, अनिल मोदी, विजय तिवारी, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, अखिल सिंह, बिनोद राय, संजीत चौरसिया, राजीव सिंह, श्वेता कुमारी, राकेश दुबे, मधुमाला सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।