यूपीआई के जरिए मई में 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर हुआ लेनदेन
नई दिल्ली, यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिये लेन-देन मई महीने में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। गर्मियों में यात्रा और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्रभाव से इस दौरान कुल लेन-देन मूल्य 29.90 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया, जबकि संख्या 23.2 अरब रही।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार गर्मियों की यात्रा और आईपीएल के बुखार के चलते मई महीने में लोकप्रिय यूपीआई के जरिए होने वाले ट्रांजेक्शन (लेन-देन) रिकॉर्ड स्तर पर पहुच गया। एनपीसीआई के अनुसार मूल्य के हिसाब से यह 29.90 लाख करोड़ रुपये और संख्या (वॉल्यूम) के हिसाब से 23.2 अरब तक पहुच गया।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की भुगतान प्रणाली रिपोर्ट के अनुसार यूपीआई के जरिए औसत लेन-देन का आकार 2021 में 1848 रुपये से घटकर 2025 में 1313 रुपये रह गया है, जो चिंता की बात नहीं, बल्कि परिपक्व होते तंत्र का संकेत है। यूपीआई फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सिंगापुर, भूटान, नेपाल और मॉरीशस सहित सात देशों में चालू है।















