बुखारेस्ट,   रोमानिया के एफ-16 लड़ाकू विमानों ने काला सागर में देश के क्षेत्रीय जलक्षेत्र के ऊपर दो ड्रोन मार गिराए। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को इसकी पुष्टि की है। रक्षा मंत्री राडू मिरुत्सा ने आशंका जताई कि ये ड्रोन रूस में निर्मित नवीनतम पीढ़ी के हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इनकी गति लड़ाकू विमानों के समान थी।

मिरुत्सा के अनुसार, दोनों ड्रोन करीब 450 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ रहे थे। इस आधार पर इनके रूसी निर्मित ‘गेरान-4’ ड्रोन होने की आशंका है, जिनमें टर्बोप्रॉप इंजन लगा होता है। उन्होंने कहा कि रोमानियाई सेना ने पहली बार इस तरह के ड्रोन मार गिराए हैं।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह कार्रवाई बीते दिन रोमानिया के काला सागर तट के पास दो रासायनिक टैंकरों पर हुए ड्रोन हमले के बाद सुरक्षा के तहत की गई। फिलहाल रोमानियाई अधिकारी ड्रोन हमले की चपेट में आए दोनों टैंकरों के सात लापता चालक दल सदस्यों की तलाश कर रहे हैं।