संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के लिए 100 करोड़ रुपये की मानवीय सहायता मंजूर की
न्यूयॉर्क/तेहरान, संयुक्त राष्ट्र ने युद्ध प्रभावित ईरान के लिए 12
मिलियन डॉलर (करीब 100 करोड़ रुपये) की आपात मानवीय सहायता जारी करने की
घोषणा की है। यह सहायता देश में बिगड़ते हालात और नागरिकों की जरूरतों को
ध्यान में रखते हुए दी जा रही है।
संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख
टॉम फ्लेचर ने बताया कि करीब 40 दिनों तक चले संघर्ष के कारण हजारों
नागरिकों की मौत हुई है, जबकि बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा स्वास्थ्य, पानी और बिजली जैसी जरूरी सेवाएं भी गंभीर रूप से
प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि यह फंड विभिन्न साझेदार संगठनों
के जरिए जमीनी स्तर पर राहत कार्यों को तेज करने में मदद करेगा। इसके तहत
प्रभावित लोगों तक भोजन, चिकित्सा सहायता, स्वच्छ पानी और अन्य जरूरी
सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार,
मौजूदा हालात में बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं और उन्हें तत्काल
सहायता की जरूरत है। ऐसे में यह आर्थिक मदद जीवन रक्षक साबित हो सकती है।
मानवीय
एजेंसियों का कहना है कि संघर्ष के चलते हालात लगातार जटिल होते जा रहे
हैं और अगर जल्द ही स्थायी समाधान नहीं निकला, तो संकट और गहरा सकता है।















