भाजपा उम्मीदवार ने छोटे-छोटे राधा कृष्ण बने बच्चों के साथ किया चुनाव प्रचार
आसनसोल, आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार
अग्निमित्रा पॉल ने बुधवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान एक अलग और आकर्षक
पहल कर लोगों का ध्यान खींच लिया। वार्ड संख्या 86 में प्रचार करते हुए
उनके साथ छोटे-छोटे बच्चे राधा-कृष्ण के भेष में नजर आए, जो पूरे अभियान का
मुख्य आकर्षण बन गए।
इन बच्चों के शरीर पर ‘राधे-राधे’ के श्लोक
लिखे हुए थे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और रंगीन हो गया। यह अनोखा
अंदाज इलाके के लोगों को काफी पसंद आया और देखते ही देखते वहां भीड़ उमड़
पड़ी। खासकर महिलाएं और बच्चे काफी उत्साहित दिखे और भाजपा उम्मीदवार के
साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई।
अग्निमित्रा पॉल ने इस दौरान वार्ड
86 के दक्षिणपाड़ा, बोरथल बाजार और संगति नगर समेत कई इलाकों में जनसंपर्क
किया। उनके इस अलग अंदाज के प्रचार ने लोगों को न सिर्फ आकर्षित किया,
बल्कि चुनावी माहौल में नई ऊर्जा भी भर दी।















