केएमसी वार्ड परिसीमन मामला : कलकत्ता हाई कोर्ट ने अंतरिम रोक से किया इनकार, जारी रहेंगी नगर निगम चुनाव की तैयारियां
कोलकाता, कलकत्ता हाई कोर्ट ने गुरुवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्डों के परिसीमन को चुनौती देने वाले मामले में किसी प्रकार का अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत के इस फैसले से चुनाव प्रशासन को बड़ी राहत मिली है और चुनाव की तैयारियों को लेकर किसी भी तरह की कानूनी बाधा नहीं रही।
न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की एकल पीठ ने याचिकाकर्ताओं की अंतरिम हस्तक्षेप की मांग को खारिज कर दिया, लेकिन मामले को पूरी तरह से खारिज नहीं किया है। अदालत ने राज्य सरकार और याचिकाकर्ताओं को अगली सुनवाई से पहले इस मामले में अपने-अपने हलफनामे दाखिल करने का निर्देश दिया है।
हाई कोर्ट द्वारा अंतरिम रोक लगाने से इनकार करने के बाद, चुनाव प्रशासन अब प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम चुनावों की तैयारियां बेरोकटोक जारी रख सकता है, हालांकि कानूनी चुनौती अभी भी अदालत में लंबित है। नगर निगम चुनावों की तैयारियां पहले से ही जोरों पर हैं। केएमसी के 209 वार्डों में लगभग 4,711 मतदान केंद्र बनाए जाने की उम्मीद है, जिसके लिए लगभग 22,600 मतदान कर्मियों की आवश्यकता होगी। राज्य चुनाव आयोग 3 नवंबर से मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू करने वाला है। सूत्रों के अनुसार, इन निकाय चुनावों में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में इस बार 'नोटा' (इनमें से कोई नहीं) का विकल्प नहीं होगा।














