संविधान में ‘सेकुलर’ और ‘सोशलिस्ट’ शब्द जोड़ना एक नारकीय घटना थी : भास्कर भट्टाचार्य
हुगली, संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को श्रीरामपुर टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पीएचई एवं श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने संविधान के 42वें संशोधन को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने आपातकाल के दौरान संविधान की प्रस्तावना में ‘सोशलिस्ट’ और ‘सेकुलर’ शब्द जोड़े जाने की प्रक्रिया को संविधान के साथ हुई एक नारकीय घटना बताया।
मंत्री ने कहा कि संविधान निर्माण के समय भी इन दोनों शब्दों को शामिल करने पर चर्चा हुई थी, लेकिन तत्कालीन संविधान निर्माताओं ने इन्हें संविधान की प्रस्तावना में जोड़ना जरूरी नहीं समझा था। इसके बावजूद आपातकाल के दौरान 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से इन दोनों शब्दों को संविधान में शामिल कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि संसद में संविधान संशोधन के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जब 42वां संविधान संशोधन किया गया, उस समय विपक्ष के नेता जेलों में बंद थे और संसद में विरोध की प्रभावी आवाज मौजूद नहीं थी। ऐसे में संविधान में बिना पर्याप्त चर्चा के ये शब्द जोड़ दिए गए। एक कानून के छात्र के रूप में मेरा मानना है कि 42वें संविधान संशोधन को लेकर एक बार फिर चर्चा होनी चाहिए।
कार्यक्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह, श्रीरामपुर थाना प्रभारी बापी राय, रिषड़ा थाना प्रभारी परमेश्वर प्रमाणिक, विधानचंद्र कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश कर, डॉ. कल्याण आशीष समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।















