कोलकाता, प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार सुबह कोलकाता के बेहाला स्थित व्यवसायी जय कामदार के आवास पर छापेमारी की। कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाने के बाद अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर साल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स ले गए।

सूत्रों के अनुसार, उन्हें आर्थिक अनियमितता मामले में हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि जय लंबे समय से जांच एजेंसी की निगरानी में थे।

जानकारी के मुताबिक, रविवार भोर में साल्टलेक के सीजीओ परिसर से प्रवर्तन निदेशालय की कई टीमें रवाना हुईं। इनमें से एक टीम बेहाला पहुंची। अधिकारियों को शुरुआत में घर के भीतर प्रवेश नहीं मिल सका। आरोप है कि बार-बार आवाज देने के बावजूद काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया। लंबे इंतजार के बाद दरवाजा खुला, जिसके बाद अधिकारी अंदर दाखिल हुए। बाहर केंद्रीय बल तैनात रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जय मुख्य रूप से निर्माण और भू-विकास कारोबार से जुड़े हैं। इससे पहले भी उनके आवास पर तलाशी ली गई थी, जहां से नकद राशि बरामद हुई थी।

सूत्रों के अनुसार, हाल में कसबा के व्यवसायी विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान जय का नाम सामने आया था। इसके बाद पूछताछ के लिए उन्हें दो बार तलब किया गया, लेकिन वह दोनों बार उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद रविवार को उनके घर पर कार्रवाई की गई।

केवल बेहाला ही नहीं, सोना पप्पू मामले की कड़ी में रविवार को बालीगंज में भी छापेमारी की गई। कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिंह विश्वास के आवास पर भी जांच एजेंसी पहुंची। शांतनु पूर्व में कालीघाट थाने के प्रभारी रह चुके हैं। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों की कार्रवाई वहां जारी थी।