कोलकाता, नए वर्ष की शुरुआत में आयोजित होने वाले गंगासागर मेले में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम में आईजी और डीआईजी स्तर के 12 अनुभवी आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चुने गए सभी 12 अधिकारी पूर्व में विभिन्न अवसरों पर गंगासागर मेले की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है। टीम में नौ डीआईजी स्तर के अधिकारी शामिल हैं, जिनका नेतृत्व तीन आईजी—प्रवीण त्रिपाठी, सुनील चौधरी और अर्णब घोष—करेंगे। पूरे मेला क्षेत्र और व्यवस्था को तीन जोन में विभाजित किया गया है। काकद्वीप लॉट-8 की जिम्मेदारी सुनील चौधरी को, कचुबेड़िया की कमान प्रवीण त्रिपाठी को और मेला प्रांगण का दायित्व अर्णब घोष को सौंपा गया है।

प्रशासन का लक्ष्य किसी भी प्रकार की दुर्घटना को टालने के लिए अभी से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गंगासागर मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देना चाहते हैं, जिसके मद्देनजर तैयारियां समय से पहले शुरू कर दी गई हैं। तीर्थयात्रियों के मेले में पहुंचने से लेकर सकुशल घर लौटने तक की पूरी यात्रा को निर्बाध बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस वर्ष मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। हाल ही में कोलकाता के चोरबागान में दुर्गापूजा के दौरान हुई भगदड़ की घटना के बाद से प्रशासन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। चोरबागान की घटना के बाद सरकार ने दुर्गापूजा, कालीपूजा और चंदननगर की जगद्धात्री पूजा में भी भीड़ संभालने के लिए अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की थी। उसी अनुभव से सबक लेते हुए गंगासागर मेले में भी यही रणनीति अपनाई गई है।

उल्लेखनीय है कि गत अक्टूबर के अंत में मुख्यमंत्री ने गंगासागर का दौरा कर तीर्थयात्रियों के मार्ग, घाटों की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं के बुनियादी ढांचे की समीक्षा की थी। इसके अलावा, नवंबर के मध्य में राज्य के मुख्य सचिव ने केदारनाथ और बद्रीनाथ की तर्ज पर गंगासागर में भी हेलीकॉप्टर सेवाओं का विस्तार करने की योजना की जानकारी दी थी। इसके तहत आठ से दस हेलीकॉप्टर तैनात करने पर विचार किया जा रहा है, जिनका लाभ श्रद्धालु टिकट खरीदकर उठा सकेंगे। साथ ही प्रशासनिक कार्यों के लिए भी हेलीकॉप्टर उपलब्ध रहेंगे और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।