तृणमूल पार्षद के घर पर छापेमारी, चार गिरफ्तार
बनगांव (उत्तर 24 परगना), उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव नगरपालिका अंतर्गत वार्ड नं. 1 के तृणमूल पार्षद सुकुमार रॉय के घर पर सोमवार रात पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार कियाा। इसके साथ ही पार्षद सुकुमार रॉय को भी गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार को स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंचपोटा इलाके में स्थित घर में लंबे समय से आपत्तिजनक गतिविधियां चल रही थीं। पुलिस ने मिली शिकायतों के आधार पर सोमवार रात छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपितों को बनगांव थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि अवैध गतिविधि में कौन लोग शामिल थे?
पुलिस की तरफ से कहा गया है कि आरोप सही पाए जाने पर सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि एक लोक प्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह के आरोप गंभीर हैं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।















