पश्चिम बंगाल में ठंड का असर शुरू हो चुका है। राज्य के पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तापमान पहले ही गिरना शुरू हो चुका था, अब कोलकाता में भी पारे में गिरावट दर्ज की गई है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा।

पिछले 24 घंटे में तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट हुई है, जबकि अधिकतम तापमान भी 2.6 डिग्री घटकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

नवंबर की शुरुआत से ही राज्य के कई हिस्सों में हल्की ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा जैसे जिलों में तापमान लगातार गिर रहा है।

उत्तर बंगाल के जिलों में भी अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में कमी दर्ज की गई है। कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में रात के समय ठंड बढ़ने लगी है और सुबह के समय हल्की धुंध छाने लगी है। अलीपुर मौसम केंद्र पहले ही संकेत दे चुका था कि आने वाले दिनों में राज्य के तापमान में और गिरावट होगी।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखा जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कोहरे की तीव्रता अधिक है। हालांकि, उत्तर बंगाल में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

जंगल महल के पुरुलिया जिले में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह और नीचे जा सकता है।