मुर्शिदाबाद,  पश्चिम बंगाल सरकार की लोकप्रिय ‘लक्खी भंडार’ योजना में फर्जी जानकारी देकर आर्थिक लाभ उठाने के आरोप में मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम रकीबुल शेख बताया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित लंबे समय से महिलाओं के लिए चलाई जा रही इस सरकारी योजना की राशि अवैध तरीके से निकाल रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की। गुरुवार को दस्तावेजों की जांच में आरोपों की प्राथमिक पुष्टि होने पर बहरमपुर थाना पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि सरकारी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर किस प्रकार योजना का लाभ लिया जा रहा था तथा इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। विभिन्न सरकारी विभागों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।