पश्चिम मेदिनीपुर में वज्रपात से किसान की मृत्यु, दो अन्य गंभीर रूप से घायल
मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना क्षेत्र में
सोमवार शाम वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई,
जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान कुनारपुर क्षेत्र के माधवपुर
निवासी राधाकांत भुइयां (46) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के
अनुसार, बाखराबाद के कोरकोरा क्षेत्र में दूसरे के खेत में कृषि कार्य
करते समय राधाकांत भुइयां पर आकाशीय बिजली गिर गई। गंभीर रूप से झुलसने के
कारण उनकी मृत्यु हो गई।
उधर, बेलदा थाना क्षेत्र के पड़ियाचक में
खेत में काम करने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से गुरुबारी सिंह और शंकर
सिंह घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बेलदा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
में भर्ती कराया गया।
सोमवार शाम विधायक रमाप्रसाद गिरी बेलदा सुपर
स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों तथा घायलों से मुलाकात की।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
सूत्रों
ने बताया कि राधाकांत भुइयां कीर्तन मंडली के गायक थे। कीर्तन के
कार्यक्रम कम मिलने के कारण वह इन दिनों कृषि कार्य कर आजीविका चला रहे थे।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का वातावरण है।















