पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना, लगाया गुंडागर्दी का आरोप
कोलकाता, कोलकाता के कालीघाट इलाके में शुक्रवार देर रात तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प की घटना को लेकर रााजनीतिक माहौल पूरी तरह से गरमा गया है। शनिवार सुबह घटना का जायजा लेने अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला।
ममता बनर्जी ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे उनके सीने पर बुलडोजर चलाकर दिखाएं। उन्होंने कड़े शब्दों में सवाल किया कि रात के तीन बजे असामाजिक तत्वों को लेकर हमला क्यों किया जा रहा है? इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर की पूजा में लोगों को शामिल होने से रोकने की साजिश रची जा रही है और इसी उद्देश्य से रास्ता रोककर अवैध रूप से एक अन्य पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात से ही कालीघाट इलाके में दोनों राजनीतिक गुटों के बीच रुक-रुक कर संघर्ष होता रहा। अभिषेक बनर्जी के समर्थकों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस, हाथापाई और पथराव के कारण इलाके में भारी तनाव फैल गया। डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उपद्रवियों ने उनके कार्यालय में भी जमकर तोड़फोड़ की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। हालात को काबू में करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी शुक्रवार रात को ही अपने घर के बाहर धरने पर बैठ गए थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। अभिषेक का आरोप है कि भाजपा समर्थित हमलावरों ने कील लगे डंडों से उन पर और उनके कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
काफी जद्दोजहद और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अभिषेक बनर्जी अपना धरना खत्म कर घर के अंदर गए। सांसद ने बताया कि उन्होंने इस तरह के हमले की आशंका जताते हुए दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था और इसमें लोकसभा अध्यक्ष को भी टैग कर मामले की जानकारी दी थी। अभिषेक का दावा है कि इस हिंसक घटना में उनके चार-पांच समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।














