आसनसोल में ममता बनर्जी की जनसभा 12 अप्रैल को, तैयारी अंतिम चरण में
आसनसोल, पश्चिम
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक सरगर्मी चरम
पर है और इसी क्रम में पश्चिम बर्दवान जिले में भी चुनावी माहौल पूरी तरह
गरमा गया है। जिले की नौ विधानसभा सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों
के समर्थन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक बड़ी जनसभा आगामी 12 अप्रैल
को आयोजित होने जा रही है। यह सभा आसनसोल केएसटीपी क्षेत्र स्थित गोविंद
नगर फुटबॉल मैदान में होगी, जहां तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।
सभा
स्थल को लेकर प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं। मैदान
में मंच निर्माण से लेकर बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा
इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभा स्थल के सामने विशेष रूप से
सेलिब्रेशन जोन का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम को और
व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जा सके। तैयारियों का जायजा लेने के लिए आसनसोल
उत्तर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मलय घटक भी मौके पर
पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस संबंध में आसनसोल नगर
निगम के उपमेयर वसीम उल हक ने बताया कि 12 अप्रैल को गोविंद नगर फुटबॉल
मैदान में होने वाली यह सभा न केवल आसनसोल उत्तर बल्कि जिले की अन्य सीटों
के उम्मीदवारों के समर्थन में भी आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस
जनसभा का उद्देश्य राज्य में एक बार फिर से ममता बनर्जी के नेतृत्व को
मजबूत करना और उन्हें चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनसमर्थन जुटाना
है।
वहीं पार्षद श्रावणी मंडल ने कहा कि राज्य की लोकप्रिय
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी
उत्साह है। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को आसनसोल की धरती पर मुख्यमंत्री
का आगमन एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है और गोविंद नगर
मैदान में होने वाली यह सभा आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार
मलय घटक के समर्थन में एक महत्वपूर्ण जनसमूह को आकर्षित करेगी।
इस
प्रस्तावित जनसभा को लेकर तृणमूल कांग्रेस पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है और
इसे चुनावी दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है, जहां से पार्टी आगामी
चुनाव के लिए अपने समर्थन को और मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।















