कोलकाता,  ममता बनर्जी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महान चित्रकार जामिनी राय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि “आधुनिक भारतीय चित्रकला के उज्ज्वल नक्षत्र और बंगाल का गौरव जामिनी राय को उनकी जन्मतिथि पर मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि।”

मुख्यमंत्री के इस संदेश के बाद कला जगत और आम लोगों के बीच भी जामिनी राय को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

उल्लेखनीय है कि जामिनी राय (1887–1972) आधुनिक भारतीय चित्रकला के प्रमुख कलाकारों में से एक थे। उनका जन्म पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में हुआ था। उन्होंने पारंपरिक बंगाली लोक कला, खासकर पटचित्र शैली से प्रेरणा लेकर अपनी एक विशिष्ट कला शैली विकसित की। उनकी चित्रकला में ग्रामीण जीवन, धार्मिक विषय और लोक संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। भारतीय कला को वैश्विक पहचान दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्हें वर्ष 1955 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।