कोलकाता, उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गापूजा मंडप में भगदड़ की दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। रविवार को राज्य पुलिस मुख्यालय भवानी भवन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गापूजा के बाकी दिनों में राज्य के सभी बड़े और मध्यम आकार के पूजा मंडपों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंडपों में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के रास्ते पूरी तरह बाधारहित रखने, आपातकालीन निकास मार्गों को चालू रखने तथा भीड़ के दबाव को संभालने के लिए पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मंडप में निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ जमा नहीं होने दी जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को हर समय सतर्क रहने को कहा। साथ ही, निर्देशों का उल्लंघन करने वाली पूजा समितियों या संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई।