हावड़ा मेट्रो स्टेशन से साढ़े किलो चांदी की सिल्लियां बरामद, एक गिरफ्तार
कोलकाता, रेलवे पुलिस ने हावड़ा मेट्रो स्टेशन से साढ़े किलोग्राम वजन की कई चांदी की सिल्लियों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यात्री के बैग की जांच के दौरान सामान स्कैनिंग मशीन में चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे की है। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। बाद में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बरामद चांदी और आरोपित को गोलाबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यात्री दोपहर में हावड़ा मेट्रो स्टेशन पहुंचा और अपने हाथ के बैग को सामान स्कैनिंग मशीन से गुजारा। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने स्कैनर में बैग के भीतर संदिग्ध वस्तु देखी, जिससे स्टेशन पर हलचल मच गई। इसके बाद जवानों को सतर्क किया गया।
आरपीएफ जवानों ने यात्री की पहचान कर उसके बैग की तलाशी ली। जांच के दौरान बैग से कई चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। यात्री बरामद चांदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरपीएफ ने गोलाबाड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और यात्री को गिरफ्तार कर लिया। बरामद चांदी की सिल्लियां भी जब्त कर ली गई हैं।
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है कि उसे ये चांदी की सिल्लियां कहां से मिलीं और वह इन्हें कहां ले जा रहा था। इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।














