अभिनेता सोहम चक्रवर्ती के विरुद्ध 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज
कोलकाता, बांग्ला अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक
सोहम चक्रवर्ती के विरुद्ध 68 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, आपराधिक
विश्वासघात तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई
है। हुगली जिले के आरामबाग निवासी तथा 'सोनम मूवीज' के मालिक शेख शाहिद
इमाम ने बुधवार को दक्षिण कोलकाता के टालीगंज स्थित चारु मार्केट थाना में
अभिनेता के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी
दी।
शेख शाहिद इमाम ने शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया से बातचीत
में कहा कि वर्ष 2021 में उन्होंने सोहम चक्रवर्ती को एक फिल्म निर्माण के
लिए धन दिया था। उस समय फिल्म का नाम 'मानिकजोर' था, जिसे बाद में बदलकर
'पाका देखा' कर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि फिल्म सिनेमाघरों में
प्रदर्शित हुई और उससे आय भी हुई। इसके बावजूद लाभ में उनका हिस्सा नहीं
दिया गया। उनका आरोप है कि जब भी उन्होंने अपने हिस्से की राशि मांगी,
उन्हें लगातार टाल दिया गया।
शाहिद ने आरोप लगाया कि एक दिन अभिनेता
के सहयोगी अर्घ्य चटर्जी ने कोलकाता के एक मॉल के बेसमेंट में उनसे
मुलाकात की। जब उन्होंने अपने पैसे की मांग की तो उन्हें जान से मारने की
धमकी दी गई। उनके अनुसार, उस समय सोहम चक्रवर्ती विधायक थे और उन पर दबाव
नहीं बनाने की चेतावनी भी दी गई थी।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि
बाद में उन्होंने सीधे सोहम चक्रवर्ती से बातचीत की, लेकिन अभिनेता ने
स्पष्ट रूप से पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। उनका दावा है कि फिल्म 'पाका
देखा' के सैटेलाइट और अन्य अधिकार भी बेचे जा चुके हैं, जिससे प्राप्त राशि
भी सोहम चक्रवर्ती को मिली। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने आरोपों के
समर्थन में साक्ष्य मौजूद हैं।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में अभिनेता और पूर्व विधायक सोहम चक्रवर्ती की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
उल्लेखनीय
है कि सोहम चक्रवर्ती के विरुद्ध इस प्रकार के आरोप पहली बार नहीं लगे
हैं। जून में भी कौशिक कर्मकार नामक व्यक्ति ने उन पर एक करोड़ रुपये से
अधिक की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि फिल्म
'लाल सूटकेस टा' के निर्माण तथा सोहम एंटरटेनमेंट में निवेश के नाम पर उनसे
राशि ली गई थी। बाद में फिल्म नहीं बनी और अभिनेता ने धन भी वापस नहीं
किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया था कि पैसे मांगने पर उन्हें
तत्कालीन विधायक होने का प्रभाव दिखाकर धमकाया गया था।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।


-1776094655822111.jpg)









