बरानगर में तृणमूल नेता शंकर राउत समेत छह गिरफ्तार, रंगदारी और महिला से मारपीट का आरोप
कोलकाता, उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर इलाके में तृणमूल कांग्रेस
से जुड़े नेता शंकर राउत समेत छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपितों पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने, धमकाने और महिला के साथ अश्लील
हरकत करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात
करीब साढ़े 10 बजे बरानगर के अस्पताल परिसर के पास हंगामे की सूचना मिली
थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छह लोगों को हिरासत में लेकर
बरानगर थाने लाई। बाद में सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बनहुगली
क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने शंकर राउत और उसके सहयोगियों के खिलाफ
लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उससे 50 हजार
रुपये की मांग की थी। रकम देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
शिकायत में कहा गया है कि महिला को बंदूक की बट से पीटा गया और उसके साथ
बदसलूकी भी की गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने उसके घर
की अलमारी से 10 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही, एक सोने की चेन छीनने का भी
आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि स्थानीय लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो उसकी जान भी जा सकती थी।
पुलिस
ने इस मामले में शंकर राउत के अलावा अर्पण दत्त, देबज्योति बनिक, सुबल डे,
देबाशीष दास और सुब्रत सरकार को भी गिरफ्तार किया है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सभी आरोपित तृणमूल कांग्रेस के करीबी माने जाते हैं।
सूत्रों
के अनुसार, शंकर राउत के खिलाफ पहले भी रंगदारी और मारपीट के आरोप लग चुके
हैं। बारासात के एक व्यवसायी के साथ मारपीट के मामले में भी उसका नाम
सामने आया था।
स्थानीय लोगों का दावा है कि शुक्रवार रात आरोपित
‘पुलिस’ लिखी एक गाड़ी में सवार होकर अस्पताल इलाके में पहुंचे थे। माना जा
रहा है कि चुनाव के दौरान प्रशासन द्वारा इस्तेमाल की गई एक गाड़ी पर
पुलिस का स्टिकर लगाकर उसका उपयोग किया जा रहा था।
पुलिस ने सभी
आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज
किया है। शनिवार को उन्हें बैरकपुर महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।















