दक्षिण बंगाल में आंधी बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, तापमान में गिरावट
कोलकाता, लंबे इंतजार के बाद दक्षिण बंगाल में कालबैसाखी के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को हुई तेज आंधी और बारिश के कारण कोलकाता समेत कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को घटकर 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने हालांकि स्पष्ट किया है कि यह राहत स्थायी नहीं है। सोमवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी शुरू हो सकती है और सप्ताह के मध्य तक गर्मी का असर दोबारा महसूस होने लगेगा।
शनिवार सुबह कोलकाता में हल्की धूप के साथ आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने दिनभर शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। रविवार को भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने का अनुमान है।
शनिवार को पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम तथा मुर्शिदाबाद जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। रविवार को भी मौसम में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तापमान फिर बढ़ना शुरू होगा। बुधवार तक दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
उत्तर बंगाल के मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में शनिवार को गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रविवार और सोमवार को उत्तर बंगाल में बारिश की गतिविधियां कुछ कम होने की संभावना है, लेकिन बुधवार से एक बार फिर वर्षा की संभावना बढ़ सकती है।















