फ्यूचर यूनिवर्सिटी में लगा रोजगार मेला, 30 से अधिक कम्पनियों ने लिए साक्षात्कार
बरेली, फ्यूचर यूनिवर्सिटी में सोमवार को आयोजित ‘पूल कैंपस प्लेसमेंट डे’ में छात्र-छात्राओं को रोजगार के बड़े अवसर मिले। कार्यक्रम में बरेली मंडल समेत आसपास के कई शहरों के स्नातक और परास्नातक छात्रों ने भाग लेकर विभिन्न कम्पनियों के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्लेसमेंट ड्राइव में 30 से अधिक प्रतिष्ठित कम्पनियां शामिल हुईं, जबकि 500 से ज्यादा जॉब ओपनिंग्स उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम का शुभारम्भ यूनिवर्सिटी के चांसलर मुकेश गुप्ता और प्रो-चांसलर दीप गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रुप डायरेक्टर डॉ. हेमंत यादव ने कम्पनियों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया और छात्रों का उत्साहवर्धन किया। साक्षात्कार शुरू होने से पहले विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी संस्था और उपलब्ध जॉब प्रोफाइल की जानकारी भी साझा की।
कैरियर प्लानिंग एंड डेवलपमेंट सेंटर के डॉ. अनुभव सिंह ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, फाइनेंस, टेलीकॉम, इलेक्ट्रिकल और रिटेल सेक्टर की कम्पनियों को एक मंच पर लाकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान एचआर हेड और कम्पनी प्रतिनिधियों ने छात्रों का मूल्यांकन उनके वैचारिक, तकनीकी और संवाद कौशल के आधार पर किया। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, तकनीकी इंटरव्यू और पर्सनल इंटरव्यू जैसे चरण शामिल रहे।
यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. राजेंद्र सिन्हा ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे आयोजन कर युवाओं को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में HCL Technologies, Bharti Airtel, Sun Pharmaceutical Industries, Reliance Jio, Bajaj Finserv, HDB Financial Services, Mahindra Group, TVS Motor Company, Havells India और Dixon Technologies समेत कई बड़ी कम्पनियों ने भाग लिया। कैंपस चयन के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।















