केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में यूजी और पीजी कोर्सों के लिए दाखिले शुरू
जम्मू, केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न अंडर ग्रेजुएट (यूजी), इंटीग्रेटेड और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। प्रवेश प्रक्रिया नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट सीयूईटी-यूजी और सीयूईटी-पीजी 2026 के माध्यम से होगी। विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रोफेसर एवं एसोसिएट डीन अकादमिक डॉ. उदय प्रताप सिंह ने बताया कि यूजी और इंटीग्रेटेड कार्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक छात्रों को मई 2026 में आयोजित होने वाली सीयूईटी-यूजी परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा, जबकि पीजी कार्यक्रमों में दाखिला सीयूईटी-पीजी 2026 में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में एमएससी बॉटनी, बायोटेक्नोलॉजी, केमिस्ट्री, पर्यावरण विज्ञान, गणित, फिजिक्स और जूलॉजी सहित कई विज्ञान विषयों में पीजी कोर्स उपलब्ध हैं। इसके अलावा एमए इन कंपेरेटिव रिलिजन एंड सिविलाइजेशन, इंग्लिश, हिंदी, मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज, पब्लिक पॉलिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन तथा सोशल वर्क में भी प्रवेश दिए जाएंगे। इसके साथ ही एमटेक इन कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, एमबीए, एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट, एमबीए टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट और एमएड कार्यक्रमों में भी दाखिले होंगे।
डॉ. उदय प्रताप सिंह ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू अपनी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, अनुभवी फैकल्टी और शोध आधारित वातावरण के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को टाइम्स हायर एजुकेशन इम्पैक्ट रैंकिंग में वैश्विक स्तर पर 401-600 बैंड में स्थान मिला है, जबकि नेचर इंडेक्स रैंकिंग में 22वां स्थान प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय में इसरो और डीआरडीओ के रिसर्च सेंटर भी स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में आधुनिक पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, डिजिटल सुविधाएं, खेल एवं मनोरंजन ढांचा और प्लेसमेंट सहायता जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। त्रिकुटा पहाड़ियों की तलहटी में फैला 600 एकड़ से अधिक का हरित परिसर छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करता है।
पीजी प्रवेश प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन मई 2026 से शुरू होंगे और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि जून 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को पात्रता, कार्यक्रमों, पेपर कोड और प्रवेश संबंधी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।















