रोजगार मेला : विकसित भारत निर्माण के सारथी बनें युवा : शेखावत

जोधपुर,  केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज का भारत केवल बदल नहीं रहा, बल्कि तेज गति से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन के सबसे बड़े सहभागी देश के युवा हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले केवल नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के सपनों, संघर्षों और वर्षों की तपस्या के साकार होने का उत्सव हैं।

जोधपुर में आयोजित 19वें रोजगार मेले में शेखावत ने कहा कि देशभर के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि उन लाखों परिवारों की आकांक्षाओं की जीत है जिन्होंने अपने बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए कठिन संघर्ष किया।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि सामान्य परिवारों से आने वाले युवाओं के माता-पिता अपने बच्चों को पढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं के योग्य बनाने के लिए अनेक त्याग करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अभिभावक के लिए अपने बेटे-बेटी को पढ़ाना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन का सबसे बड़ा सपना होता है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि युवाओं की सफलता के पीछे उनकी माताओं की अनगिनत प्रार्थनाएं और परिवारों का संघर्ष छिपा होता है। कितनी माताओं ने वर्षों तक दीपक जलाकर भगवान से अपने बच्चों की सफलता की प्रार्थना की होगी। कितने परिवारों ने अपनी इच्छाओं का त्याग किया होगा, तब जाकर यह दिन आया है।

रोजगार अब घोषणा नहीं, सरकार का मिशन :

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में रोजगार सृजन को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। उ्अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से देशभर में 12 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब सरकारी भर्तियों में वर्षों लग जाते थे और प्रक्रियाओं पर सवाल उठते थे, लेकिन अब पारदर्शी और तेज भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को समय पर अवसर मिल रहे हैं। शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए प्रधानमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

आपकी पीढ़ी विकसित भारत की साक्षी बनेगी :

युवाओं से शेखावत ने कहा कि आज नियुक्ति पाने वाली पीढ़ी सबसे सौभाग्यशाली पीढ़ी है, क्योंकि उसे उस कालखंड में काम करने का अवसर मिल रहा है जब भारत अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज 25-27 वर्ष की आयु में सरकारी सेवा में प्रवेश करने वाले युवा अगले दो दशकों तक भारत के परिवर्तन के प्रत्यक्ष साक्षी होंगे। आने वाले समय में आप गर्व से कह सकेंगे कि आपने विकसित भारत के निर्माण में योगदान दिया।

सरकारी सेवा शक्ति नहीं, सेवा का माध्यम :

शेखावत ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का अवसर है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई भी निर्णय लेते समय सबसे गरीब व्यक्ति को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने हर निर्णय और कार्य को समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की भावना के साथ करें।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल युग के लिए तैयार रहें :

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों और तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, साइबर सिक्योरिटी और इनोवेशन का है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में परिवर्तन की गति और अधिक तेज होगी, इसलिए युवाओं को निरंतर सीखते रहने और स्वयं को नई तकनीकों के अनुरूप ढालने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री की आईगॉट और कर्मयोगी जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है।

जो सीखना छोड़ देता है, वह पीछे छूट जाता है :

शेखावत ने युवाओं से कहा कि जीवन में विद्यार्थी भाव कभी समाप्त नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सीखना छोड़ देता है, वह समय के साथ पीछे छूट जाता है।उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने पूरे सेवाकाल में स्वयं को बेहतर बनाने और नई क्षमताएं विकसित करने का संकल्प लें।

युवा शक्ति ही भारत की सबसे बड़ी ताकत :

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसकी सबसे बड़ी ताकत देश की युवा आबादी है। उन्होंने कहा कि भारत आज स्टार्टअप्स और यूनिकॉर्न्स का देश बन चुका है तथा महिलाएं भी हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में जब विकसित भारत का इतिहास लिखा जाएगा, तब आज की युवा पीढ़ी का नाम भी उस गौरवगाथा का हिस्सा होगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, डीआरएम अनुराग त्रिपाठी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।