सेना भर्ती 2027 : सीईई परिणाम घोषित, 25 जुलाई से रानीखेत में शारीरिक परीक्षा
देहरादून, भारतीय सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित ऑनलाइन
कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सेना भर्ती
कार्यालय, अल्मोड़ा ने अभ्यर्थियों से अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक
वेबसाइट पर देखने तथा अगले चरण की तैयारी करने का आग्रह किया है।
भर्ती
कार्यालय की ओर से रविवार को जारी सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश और
उत्तराखंड के सभी जिलों के केंद्रीय श्रेणी (रिलीजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग,
एजुकेशन हवलदार व हवलदार सर्वे ऑटो कार्टोग्राफर) एवं जोनल श्रेणी (सिपाही
फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट) के अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के
अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अग्निवीर श्रेणी के
अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीएफटी) 25 जुलाई से सात अगस्त तक
रानीखेत के सोमनाथ मैदान में आयोजित की जाएगी।
सूचना के अनुसार
भर्ती के पहले दो दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए तथा
शेष दिन अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया
जाएगा।
भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र, उनकी
तीन-तीन प्रतियां तथा तीन माह से अधिक पुराने नहीं होने वाले 20 पासपोर्ट
आकार के फोटो साथ लाने के निर्देश दिए हैं। रैली में प्रवेश के लिए एडमिट
कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जाति, स्थायी निवास, अविवाहित
एवं चरित्र प्रमाण-पत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन
अनिवार्य होगा।
अग्निवीर श्रेणी के कुमाऊनी जाति के अभ्यर्थियों के
लिए जाति प्रमाण-पत्र में कुमाऊनी जाति का स्पष्ट उल्लेख होना आवश्यक बताया
गया है। भर्ती कार्यालय ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने
वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कर उनकी उम्मीदवारी
निरस्त कर दी जाएगी।
भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से शारीरिक
दक्षता परीक्षा की तैयारी जारी रखने और किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के
लिए सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा से संपर्क करने की अपील की है।














