जौनपुर, यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों
के लिए आयोजित लिखित परीक्षा सोमवार को तीसरे और अंतिम दिन शुरू हो गई।
जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में दोनों पालियों को
मिलाकर कुल 16,800 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा नकल विहीन
परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
परीक्षा दो
पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे
तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में
8,400 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों
पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश
कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक जांच और फ्रिस्किंग के
बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। सभी केंद्रों पर
सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे गए हैं और तीन स्तरीय सघन चेकिंग के बाद ही
परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।
नकल रोकने के लिए
प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल
मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की गई
है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों को
आरक्षित रखा गया है।परीक्षा में मुख्य रूप से स्नातक और उच्च शिक्षा
प्राप्त अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 21 वर्ष से अधिक आयु के
उम्मीदवारों की संख्या अधिक है।
प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं कड़ी
सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी केंद्रों तक पहुंचाई गई हैं।जिलाधिकारी डॉ.
दिनेश चंद्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी और केंद्र व्यवस्थापकों को गर्मी को
देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के
निर्देश दिए थे। इसके तहत सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल की
व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को
किसी प्रकार की असुविधा न हो।















