उद्योग एवं कॉर्पोरेट जगत से साझेदारी को सुदृढ़ करेगा काशी हिन्दू विश्वविद्यालय का सीएसआर प्रकोष्ठ
वाराणसी, । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने उद्योग एवं कॉरर्पोरेट जगत के साथ संस्थागत सहयोग को सुदृढ़ बनाने तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुड़े प्रयासों को नई दिशा देने के लिए सीएसआर प्रकोष्ठ की स्थापना की है।
यह पहल शिक्षा जगत और कॉर्पोरेट क्षेत्र के बीच प्रभावी सहभागिता को सुदृढ़ बनाने, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े प्रयासों को जहां गति देगी। वहीं, समाज एवं राष्ट्र की सेवा के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को और सशक्त करते हुए राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक भी ले जाएगी।
इस कार्य के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रो. निर्मल डे, मृदा विज्ञान एवं कृषि रसायन विभाग, कृषि विज्ञान संस्थान को दो वर्ष की अवधि के लिए सीएसआर प्रकोष्ठ का प्रथम आचार्य प्रभारी नियुक्त किया है।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि यह प्रकोष्ठ उद्योग एवं कॉरर्पोरेट संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ अनुसंधान, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कौशल विकास, सतत विकास तथा नवाचार जैसे उच्च प्रभाव वाले क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहित करेगा।
साथ ही, यह कॉरर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित गतिविधियों में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता तथा कार्यकुशलता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करेगा।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी के अनुसार, सीएसआर प्रकोष्ठ विश्वविद्यालय में उद्योग एवं कॉरर्पोरेट साझेदारियों के विकास तथा उन्हें संस्थागत स्वरूप प्रदान करने के लिए एक केंद्रीय तंत्र के रूप में कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि यह प्रकोष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए नए अवसरों का सृजन करने, नवाचार एवं उद्यमिता पारितंत्र को सुदृढ़ बनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली पहलों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीएसआर प्रकोष्ठ के संचालन में कुलपति की अध्यक्षता में गठित एक परामर्शदात्री समिति सहयोग प्रदान करेगी। समिति में कुलसचिव, वित्त अधिकारी तथा उद्योग जगत के विशेषज्ञ सदस्य के रूप में शामिल होंगे। एक अन्य महत्वपूर्ण नियुक्ति में प्रो. आर. के. मल्ल, पर्यावरण एवं सतत विकास संस्थान को दो वर्ष की अवधि के लिए प्रायोजित अनुसंधान एवं औद्योगिक परामर्श प्रकोष्ठ का आचार्य प्रभारी नियुक्त किया गया है।















