जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल होगी, दो चरणों में होगा आयोजन : उपायुक्त
चतरा, । चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद ने जनगणना-2027 को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और भवन गणना (हाउस लिस्टिंग) होगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 01 से 15 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन, 16 मई से 14 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन और फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना प्रस्तावित है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 13 चार्ज (12 ग्रामीण एवं 01 शहरी) बनाए गए हैं। इसके अंतर्गत 2418 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक चिन्हित किए गए हैं, जहां 343 सुपरवाइजर और 1928 प्रगणक तैनात किए गए हैं। सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 25 अप्रैल तक आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन के लिए कुल 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें आम नागरिक 01 से 15 मई के बीच आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं भर सकते हैं। उन्होंने जनगणना को देश की विकास योजनाओं की आधारशिला बताते हुए सभी नागरिकों से अपील की कि वे सही और समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। किसी भी व्यक्ति की ओर से फोन, ओटीपी या बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाएगी। यदि कोई इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें। उन्होंने बताया कि जनगणना ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जाएगी। नागरिक चाहें तो स्वयं पोर्टल पर जानकारी अपलोड कर सकते हैं या फिर प्रगणक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।
मौके पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम, सांख्यिकी पदाधिकारी मनोरंजन झा और जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।














