सुपौल,   बिहार सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को मुख्यमंत्री बिहार के कर-कमलों द्वारा “सहयोग पोर्टल” एवं निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के कई वरीय अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर०एस०, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता विकाश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, भू-अर्जन पदाधिकारी सतीश रंजन तथा विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में “सबका सम्मान, जीवन आसान” निश्चय के तहत आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” आयोजित किया जाएगा, जहां लोग अपनी समस्याओं एवं परिवादों का निवारण करा सकेंगे।आमजन सहयोग शिविर एवं अन्य जानकारी के लिए निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क कर सकते हैं।

वहीं ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए सहयोग पोर्टल का उपयोग किया जा सकेगा।बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी दर्ज परिवादों का निष्पादन शिकायत दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदक को निष्पादन संबंधी लिखित सूचना भी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी सावन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग पोर्टल एवं शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सुगम और प्रभावी सेवा मिल सके।