प्रिंस खान के वायरल वीडियो की एनआईए से हो जांच : बाबूलाल
धनबाद, बिजली और पानी की मांग को लेकर सोमवार को भाजपा ने धनबाद
में जोरदार आक्रोश रैली निकाल कर समाहरणालय का घेराव किया। इस दौरान भाजपा
महिला कार्यकर्ताओं ने सिर पर मिट्टी के घड़े रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मौजूद
थे। मौके पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर बिजली-पानी संकट,
कोयला चोरी, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर निशाना साधा।
बाबूलाल
मरांडी ने कहा कि बिजली और पानी लोगों की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर घर नल जल योजना झारखंड में नदारद है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार को उसकी कुम्भकर्णी नींद से जगाने के लिए
भाजपा यह आक्रोश रैली कर रही है। यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागती है तो
भाजपा इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने धनबाद में
चर्चित प्रिंस खान मामले को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि
इन दिनों अपराधी प्रिंस खान के दो वीडियो वायरल हुए हैं और धनबाद पुलिस ने
भी इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया है। ऐसा लग रहा है मानो दोनों
एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हों, लेकिन झारखंड सरकार चुप है।
बाबूलाल
ने कहा कि धनबाद में लगातार कोयले की चोरी हो रही है और राज्य के
मुख्यमंत्री मौन धारण किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में यह भी सामने
आया था कि प्रिंस खान अपने गैंग की मदद से पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते
भारत में हथियारों की सप्लाई कर रहा है। इसी को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री
को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच एनआईए को सौंपने की मांग की है। साथ ही
जिस पुलिस अधिकारी पर कोयला चोरी का आरोप लग रहा है। उन्होंने संबंधित
अधिकारी को हटाने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार मामले
की जांच नहीं करवा रही है और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है तो
इससे साफ जाहिर होता है कि कहीं न कहीं सरकार के संरक्षण में यह सब हो रहा
है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से
पेट्रोलियम पदार्थों के उपयोग में कटौती करने की अपील पर बाबूलाल मरांडी ने
समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसे हालात और
पेट्रोलियम संकट के बावजूद नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में किसी तरह का संकट
नहीं आने दिया। ऐसे में देशवासियों का भी फर्ज बनता है कि राष्ट्रहित में
पेट्रोलियम पदार्थों के उपयोग में कटौती करें। इस दौरान उन्होंने लालबहादुर
शास्त्री के समय युद्धकाल में देशवासियों की एकजुटता का उदाहरण देते हुए
कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास की भावना से ही देश आगे बढ़ सकता
है।
केरल में कांग्रेस की सरकार नहीं बनने के सवाल पर बाबूलाल
मरांडी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार बनाने में
देर करती है तो कांग्रेस हल्ला मचाती है, लेकिन आज वही कांग्रेस दिल्ली और
केरल के बीच दौड़ लगा रही है।
वहीं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम और उनके
सचिव को बेल मिलने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में
कई महीने जेल में रहने के बाद अब मामले का ट्रायल चलेगा। उन्होंने आरोप
लगाया कि भ्रष्टाचार के कई मामलों में अब तक सरकार की ओर से न्यायालय में
चार्जशीट तक दाखिल नहीं की गई है। इसको लेकर उन्होंने सरकार, अधिकारियों और
राज्यपाल को भी पत्र लिखा है। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य
सरकार अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम कर रही है।
रैली में सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद विधायक, झरिया विधायक और बाघमारा विधायक समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।











.jpeg)


