तस्करों पर कटिहार पुलिस का प्रहार: तीन थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में गांजा और शराब बरामद
कटिहार, जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के
खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने नगर, मनिहारी और बरारी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग
कार्रवाइयों में कुल 6.581 किलोग्राम गांजा और 71.7 लीटर विदेशी शराब बरामद
की है। इस दौरान मनिहारी पुलिस ने दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर
उनके पास से 2,955 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। सभी मामलों में संबंधित
थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मनिहारी
थानाध्यक्ष को 21 अगस्त की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि दिलारपुर हरिचौक के
पास दो व्यक्ति अपने घर से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस टीम
को देखते ही दोनों भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान घर से 1.030 किलोग्राम गांजा और 2,955 रुपये नकद बरामद किए
गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलारपुर (वार्ड 0-16) निवासी लूडो सिंह
उर्फ प्रकाश सिंह (पिता सुंदरलाल सिंह) और चंदन सिंह (पिता प्रकाश सिंह) के
रूप में हुई है।
बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 अगस्त की शाम पुलिस
को काढ़ागोला रेलवे ट्रैक के पास एक संदिग्ध बैग लावारिस हालत में पड़े
होने की सूचना मिली। बरारी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बैग की
तलाशी ली, जिसमें से कुल 05.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस इस
मामले में अज्ञात तस्करों के नेटवर्क की छानबीन में जुटी है।
नगर
थाना पुलिस को 21 अगस्त की रात सूचना मिली कि भगवान चौक के रास्ते शराब की
खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस बल ने भगवान चौक के पास सघन
वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के क्रम में कुल 71.7 लीटर विदेशी शराब बरामद
की गई। नगर थाना पुलिस कांड दर्ज कर शराब सिंडिकेट से जुड़े लोगों की
पहचान कर रही है।














