इतिहास के पन्नों में 23 अगस्त : जब चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचकर भारत ने रचा इतिहास

भारत और दुनिया के इतिहास में 23 अगस्त का दिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए जाना जाता है। भारत के लिए यह दिन विशेष गर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है। वर्ष 2023 में इसी दिन भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा था। इसके साथ ही भारत चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने वाला दुनिया का चौथा देश बना। वहीं, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना।

14 जुलाई 2023 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने वाले चंद्रयान-3 ने अपनी 40 दिनों की लंबी यात्रा 23 अगस्त 2023 को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सफल सॉफ्ट लैंडिंग के साथ पूरी की थी। यह सफलता चंद्रयान-2 की कमियों से सीख लेकर और सुधार करके हासिल की गई।

चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान क्षमता और वैज्ञानिक प्रतिभा को पूरी दुनिया के सामने मजबूती से स्थापित किया। इस मिशन की सफलता के बाद देशभर में उत्साह और गर्व का माहौल बना। चंद्रयान-3 की उपलब्धि भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई। इस ऐतिहासिक सफलता को यादगार बनाने के लिए भारत सरकार ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में घोषित किया। यह दिवस देश के वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े सभी लोगों के योगदान को सम्मानित करने का अवसर देता है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1821: मेक्सिको ने आजादी की घोषणा की।

1839: ब्रिटेन ने चीन के साथ युद्ध में हांगकांग पर कब्जा किया।

1914: जापान ने जर्मनी के विरुद्ध युद्ध की घोषणा।

1939 - तत्कालीन सोवियत संघ और जर्मनी के के बीच गैर-आक्रामकता संधि पर हस्ताक्षर किये गये।

1999 - इस्रायल और फिलिस्तीन के बीच मान्यता सम्बन्धी मुद्दों पर वार्ता पुन: प्रारम्भ हुई।

2002 - संयुक्त राज्य अमरीका ने मिसाइल रक्षा प्रणाली का परीक्षण रोका, इटली ने पाकिस्तान में वाणिज्य दूतावास बन्द करने की धमकी दी।

2003 - ब्राजील में एक अंतरिक्ष यान में प्रक्षेपण से पूर्व ही विस्फोट हो जाने से कम से कम 21 लोग मारे गये।

2007 - यूनेस्को के विश्व स्मृति रजिस्टर-2007 में ऋग्वेद की 30 पांडुलिपियां शामिल की गईं।

2008 -झारखण्ड के मुख्यमंत्री मधु कोडा ने इस्तीफा दिया।

2012 - राजस्थान में भारी बारिश से 30 लोगों की मौत हुई।

2013 - लेबनान के त्रिपोली में मस्जिद पर हुये हमले में 50 लोग मारे गए।

2023 - भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा।

जन्म

1902 - एच. वी. आर. आयंगर - भारतीय रिज़र्व बैंक के छठे गवर्नर थे।

1918 - अन्ना मणी - भारतीय भौतिक और मौसम वैज्ञानिक थीं।

1918 - गोविन्द विनायक करंदीकर - मराठी में रचना करने वाले प्रसिद्ध कवि, लेखक थे।

1923 - बलराम जाखड़- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे।

1944 - सायरा बानो- प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री।

1968 - के. के. (गायक)- प्रसिद्ध भारतीय पार्श्वगायक थे।

1995 -तेजा सज्जा - भारतीय अभिनेता।

निधन

1975- विनायकराव पटवर्धन- प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायक थे।

1994 - आरती साहा - भारत की प्रसिद्ध महिला तैराक थीं।

2003 - ए. एन. मूर्ति राव - कन्नड़ साहित्यकार थे।

2013 - रघुवंश - हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं आलोचक थे।

2018 - कुलदीप नैयर - भारत के प्रसिद्ध लेखक एवं पत्रकार।

महत्वपूर्ण दिवस एवं अवसर

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस